केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

नागपुर पुलिस ने केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने और भड़काऊ सामग्री फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर समाज में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें मंत्री गडकरी और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और विभिन्न समुदायों के बीच तनाव फैलाने की कोशिश की गई।

यह मामला अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी सुमित कुमार चौहान की शिकायत के बाद दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि वीडियो नागपुर के हुड़केश्वर स्थित महालक्ष्मी नगर निवासी आयुष अग्रवाल द्वारा पोस्ट किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ आपराधिक धमकी, मानहानि, शांति भंग करने और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। धंतोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह और नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने वीडियो में मंत्री गडकरी और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर आरोप लगाए और 48 घंटे के भीतर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके अलावा, एक अन्य वीडियो में भी कथित तौर पर भड़काऊ बयान देकर साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया था।



Post a Comment

Previous Post Next Post